Bhopal, Madhya Pradesh
28 Nov 2026, 06:25 PM
शिकायतों के निराकरण में लापरवाही नहीं चलेगी, नेता-अफसरों ने गांव पहुंचकर सुनीं समस्याएं
News Patrika
@newspatrika
राजगढ़. शिकायतों के निराकरण के लिए अब ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन गांव पहुंचकर समस्याएं सुन रहा है। शुक्रवार को जनपद पंचायत जीरापुर की ग्राम पंचायत भण्डावद में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किया गया। इसमें खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी और कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के आवेदकों से भी सीधे संवाद किया और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में बिजली, सिंचाई, राजस्व और पेयजल से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। विधायक दांगी ने अधिकारियों से कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए समय पर पर्याप्त पानी मिले और विद्युत आपूर्ति सुचारू रखी जाए। बिजली संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग के अधिकारियों को नामांतरण, बंटवारा और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण करने को कहा। शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने और पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source Credit: patrika.com
Read Full Story
20
Comments (0)