BJP के हमले, मुस्लिम वोट और सियासी बिसात! राम मंदिर पर UP की सियासत का ph टेस्ट कर रहे हैं अखिलेश?
Uttar Pradesh 09 Nov 2026, 01:51 PM

BJP के हमले, मुस्लिम वोट और सियासी बिसात! राम मंदिर पर UP की सियासत का ph टेस्ट कर रहे हैं अखिलेश?

ABP News
@abpnews

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले राम मंदिर एक बार फिर सियासत के केंद्र में आ गया है. हालांकि, इस बार राजनीतिक बहस राम मंदिर बनने या न बनने को लेकर नहीं, बल्कि रामलला के दर्शन करने और अयोध्या जाने को लेकर है. भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच इस मुद्दे पर जुबानी जंग तेज होती दिखाई दे रही है. इन प्रमुख दलों के साथ उनके सहयोगी भी अपने-अपने राजनीतिक एजेंडे के मुताबिक बयान दे रहे हैं.

दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर 7 नवंबर को उस समय चर्चा तेज हो गई, जब छोटी दीपावली के दिन अयोध्या से सपा के नेता और पूर्व विधायक तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने दावा किया कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे और राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे. इस खबर के सामने आते ही प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई. BJP नेताओं ने जहां सपा प्रमुख के पुराने राजनीतिक रुख और कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाया, वहीं सपा की ओर से इस दौरे को लेकर अलग ही बात सामने आई.

योगी बोले- आना है तो आएं, लेकिन पहले माफी मांगें

अखिलेश यादव के संभावित अयोध्या दौरे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें अयोध्या आना है तो आएं, लेकिन पहले माफी मांगें.

वहीं, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस मामले में अलग रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि जब तक अखिलेश यादव खुद अयोध्या जाने का ऐलान नहीं करते, तब तक वह इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे.

योगी कैबिनेट में मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है. अगर अखिलेश यादव में हिम्मत होती तो वह कम से कम एक बार मंच से यह कहते कि उन्हें भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर बनने की खुशी है और वह भी चाहते थे कि वहां भव्य मंदिर बने. लेकिन उन्होंने आज तक ऐसा एक बार भी नहीं कहा. भूपेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को केवल मुस्लिम वोट बैंक की चिंता है.

राज्य के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की बढ़ती ताकत से समाजवादी पार्टी के लोग घबराए हुए हैं. अगर सपा नेता अयोध्या आते हैं तो उन्हें केवल भगवान श्रीराम से ही नहीं, बल्कि पूरी सनातन संस्कृति से भी माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान अयोध्या में निहत्थे कारसेवकों का खून बहाया गया था. इसके लिए सपा नेताओं को अपने कान पकड़कर पश्चाताप करना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए.

सपा ने ही कर दिया 12 दिसंबर के दौरे का खंडन

BJP नेताओं की प्रतिक्रियाओं के बीच समाजवादी पार्टी की ओर से इस दौरे को लेकर खंडन सामने आ गया. सपा प्रवक्ता मनोज काका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया. इसमें उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पहले इटावा में बन रहे केदारेश्वर मंदिर का निर्माण पूरा होने का इंतजार करेंगे. जब यह मंदिर बन जाएगा, तब वह राम मंदिर के दर्शन करने जाएंगे.

मनोज काका के इस बयान से तेज नारायण पांडेय के 12 दिसंबर को अयोध्या दौरे और रामलला के दर्शन संबंधी दावे पर सवाल खड़े हो गए. हालांकि, इससे पहले भी अखिलेश यादव कई मौकों पर कह चुके हैं कि वह इटावा के केदारेश्वर मंदिर के निर्माण और उद्घाटन होने के बाद अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करेंगे.

अखिलेश ने फेसबुक पोस्ट से उठाए मंदिर के चंदे और भ्रष्टाचार के सवाल

उधर,अयोध्या दौरे को लेकर जारी बयानबाजी के बीच अखिलेश यादव ने 7 नवंबर की देर रात फेसबुक पर दो पोस्ट कीं. इन पोस्टस् के जरिए उन्होंने राम मंदिर से जुड़े चंदे, दान और कथित वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए BJP पर निशाना साधा.

अपनी पहली पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा कि अयोध्यावाले माननीय मुख्यमंत्री जी से पूछ रहे हैं कि ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरी के मामले में 'दूध का दूध, पानी का पानी' कब होगा? होगा भी या नहीं होगा? हमने तो पहले ही इस मामले में कहा था कि जांच की लीपापोती का परिणाम निकलेगा: शाख को माफ़ी, फुनगी को फाँसी! राम मंदिर के धर्म-धन चोरी के मामले में यही हुआ है. यहाँ सरगना अभी भी बरक़रार है और उनके सेवक गिरफ़्तार हैं. ‘अयोध्या भाजपा के भ्रष्टाचार से प्रताड़ित, दुख, अपमानित’ है. अयोध्या की तो पूरी नगरी ही ‘पीडीए’ बन गई है. विधानपरिषद में वाराणसी में भाजपा को डबल जीरो मिला है, अयोध्यावासी विधानसभा में बीजेपी का स्कोर पांच जीरो करके हमेशा के लिए विदा कर देंगे.

अखिलेश यादव ने अपनी दूसरी फेसबुक पोस्ट में एक अलग राजनीतिक मुद्दा उठाया.  कन्नौज सांसद ने लिखा कि अयोध्या का राजनीतिक पर्यटन करनेवालों ने भगवान राम के पिता के बारे में अपशब्द कहनेवालों पर कुछ बोला या नहीं. कहीं ऐसा तो नहीं कि इनका प्रभाव इतना कम हो गया है कि बोलने की हिम्मत ही नहीं हुई. इतने कमजोर होकर विदा होना अच्छा नहीं.

सपा चीफ का इशारा, कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की ओर था. वह शास्त्री के बयानों और कथाओं पर काफी आक्रामक हैं.

अखिलेश ने फिर उठाया चंदे और जमीन मुआवजे का मुद्दा

8 नवंबर को अयोध्या दौरे को लेकर पूछे गए सवालों पर अखिलेश यादव ने एक बार फिर मंदिर के चंदे से जुड़े मामले को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने सवाल किया कि चंदे के मामले की सच्चाई आखिर कब सामने आएगी? इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, किसने उन्हें संरक्षण दिया और SIT की जांच के बावजूद अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री इस मामले पर चुप क्यों हैं और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर अयोध्या के लोगों को अपमानित किया गया और उनकी जमीन के लिए उचित मुआवजा नहीं दिया गया. हालांकि इस दौरान अखिलेश ने 12 दिसंबर के दौरे के दावे को न तो खारिज किया और न ही स्वीकार किया.

माना जा रहा है कि अखिलेश, राम मंदिर में राम लला के दर्शन के ऐलान के जरिए सियासी नब्ज टटोलने यानी सियासत का pH टेस्ट करने की कोशिश कर रहे हैं. AIMIM उन पर पहले से ही आरोप लगा रही है कि अखिलेश अब सॉफ्ट हिन्दुत्व की सियासत कर रहे हैं. वहीं बीजेपी का कहना है कि अखिलेश और सपा मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं.

कांग्रेस ने क्या कहा?

अखिलेश यादव के संभावित अयोध्या दौरे पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बहुत बाद में मुख्यमंत्री बने थे, इसलिए बाबरी मस्जिद विध्वंस के लिए उन्हें किसी भी तरह जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.

राशिद अल्वी ने बाबरी मस्जिद विध्वंस को अपराध और गैरकानूनी कृत्य बताते हुए कहा कि यह एक पूरे समुदाय की भावनाओं के खिलाफ था.

उन्होंने यह भी कहा कि धर्म और आस्था हर व्यक्ति का निजी विषय है. अखिलेश यादव की भी अपनी धार्मिक आस्था है. अगर वह राम मंदिर जाकर भगवान राम के दर्शन करना चाहते हैं तो उन्हें ऐसा करने से रोका नहीं जा सकता. यह उनका संवैधानिक अधिकार है.

मौलाना साजिद रशीदी ने अखिलेश को बताया नकली हिंदू

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को राम मंदिर जाने के दावे पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के प्रमुख मौलाना साजिद रशीदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि ये लोग नकली हिंदू हैं. इतने सालों तक अखिलेश यादव राम मंदिर नहीं गए, लेकिन अब जब 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं तो उन्हें राम मंदिर की याद आने लगी है.

उन्होंने सपा के नारे 'हम भगवान कृष्ण को लाएंगे' का जिक्र करते हुए सवाल किया कि अगर भगवान कृष्ण को लाने की बात कर रहे हैं तो फिर भगवान राम के पास क्यों जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि जिन देवी-देवताओं को लोग भगवान मानकर पूजते हैं, उनके बारे में उन्हें लाने की बात करना बेहद ओछी और घटिया बात है.

राम मंदिर फिर बना बड़ा राजनीतिक मुद्दा

बीते 24 से 48 घंटे के बीच पूरे घटनाक्रम को देखें तो उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राम मंदिर एक बार फिर BJP और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक संघर्ष का बड़ा मुद्दा बनता दिख रहा है.

BJP जहां राम मंदिर आंदोलन के इतिहास, कारसेवकों पर गोलीबारी और मुलायम सिंह यादव के तत्कालीन फैसले को सामने रखकर सपा को घेर रही है, वहीं अखिलेश यादव मंदिर के चंदे, कथित भ्रष्टाचार, अयोध्या में जमीन के मुआवजे और स्थानीय लोगों की नाराजगी को मुद्दा बना रहे हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि अभी अखिलेश यादव की ओर से 12 दिसंबर को राम मंदिर जाने का कोई स्पष्ट आधिकारिक ऐलान सामने नहीं आया है. अयोध्या के सपा नेता तेज नारायण पांडेय के दावे के बाद पार्टी प्रवक्ता मनोज काका का बयान इस कार्यक्रम पर सवाल खड़े करता है.

क्या करेंगे अखिलेश?

ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या अखिलेश यादव वास्तव में 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे या फिर इटावा के केदारेश्वर मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद ही अयोध्या जाएंगे?

फिलहाल इतना तय है कि राम मंदिर को लेकर शुरू हुई यह राजनीतिक बहस आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है. 2027 के चुनाव में BJP, सपा और कांग्रेस के लिए अयोध्या की राजनीति कितनी अहम साबित होगी, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन रामलला के दर्शन का सवाल अब उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति में एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है.

Source Credit: abplive.com
Read Full Story
5

Comments (0)

Login to join the conversation